निष्ठुर
दुर्गादत्त एक अविवाहित हट्टा-कट्टा नवयुवक है। कहते हैं आध्यात्मिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है , साथ ही समाज में अच्छी प्रतिष्ठा है। लोग कहते हैं कुलीन खानदान का सांस्कारिक लड़का है। एक मध्यमवर्गीय परिवार के लड़की के पिता को अपनी बिटिया के लिए ऐसा लड़का मिल जाय और क्या चाहिए ? इसी संस्कार के कारण सुमन के पिता को दुर्गादत्त पसंद आ जाता है और वे अपनी फूल जैसी बिटिया का हाथ दुर्गादत्त को जीवन भर के लिए सौंप देते हैं। शादी के दो-तीन वर्षों तक ऐसा महसूस हुआ कि सुमन बहुत ही खुशहाली से अपना जीवन बिता रही है। पहनने-ओढ़ने एवं गहने-जेवर की कमी न थी। बस यही ऊपरी साज-सज्जा व्यक्ति के अंदरूनी दुःखों पर पर्दा डाले रहती है। धीरे-धीरे समय के साथ बदलाव आया और पता चला कि सुमन आए दिन बीमार रहती है। बीच-बीच में उसके झाड़-फूँक एवं इलाज की खबर भी मिलती रहती। साथ ही साथ दुर्गादत्त के संवेदनशीलता का पर्दाफाश भी होने लगा। कभी पता चलता कि वह बाजार से मनमानी गोली दवाई खरीदकर सुमन को खिला रहा है ,...